बावली गांव निवासी इसरार की 10 साल की बेटी मायरा अपनी सात माह की छोटी बहन मायसा को लेकर गली में मस्जिद के पास घर से थोड़ी दूरी खेल रही थी। तभी बुर्के में एक महिला मायरा के पास आई और सात माह की बच्ची मायसा को उसकी गोद से छीनकर ले गई। मायरा ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोगों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा, तो एक बुर्के पहने महिला बच्ची को छीनते नजर आई।
इसकी सूचना बड़ौत कोतवाली पुलिस को दी गई। सीओ विजय चौधरी, इंस्पेक्टर मनोज कुमार चाहल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। उधर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए बच्ची की सकुशल बरामदगी की मांग की। देर रात तक पुलिस बच्ची को ढूंढने में जुटी थी। सीओ बड़ौत विजय चौधरी का कहना था कि जल्द ही बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।