सहायक लेखाकार ने एक्सईएन द्वितीय को दी धमकी, सीसीटीवी में कैद हुआ मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता को सहायक लेेेखाकार द्वारा कार्यालय में घुसकर अंजाम भुगताने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। यह पूरा मामला कार्यालय में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया है। इस प्रकरण में एक्सईएन ने कोतवाली मेें सहायक लेखाकार के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर सहायक लेखाकार की शिकायत की है।
नगर के बिजरौल रोड पर विद्युत वितरण खंड द्वितीय कार्यालय स्थित है। यहां राजेश कुमार अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पूर्व एक्सईएन द्वितीय राजेश कुमार ने कार्यालय से अक्सर गायब रहने वाले सहायक लेखाकर से जवाब मांगा था। इस पर एक्सईएन ने पूरे प्रकरण की शिकायत निगम के एसई व एमडी से की। इस पर बीती 21 अक्तूबर को मुख्य अभियंता वितरण मेरठ संजय आनंद जैन कार्यालय में निरीक्षण करने आए। इस पर सहायक लेखाकार अचानक कार्यालय से गायब हो गया।
मुख्य अभियंता के जाने के बाद सहायक लेखाकार तकरीबन सवा पांच बजे कार्यालय आया। वह एक्सईएन द्वितीय के कक्ष में घुसकर उन्हें भुगत लेने की धमकी दी। इस दौरान मामला बढ़ता देख कार्यालय में ही मौजूद ठेकेदार प्रवीण व अनिल डबास ने बीच-बचाव कराया। पीड़ित एक्सईएन द्वितीय राजेश कुमार का यह भी आरोप है कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को शिकायत करने के बाद कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में एक्सईएन द्वितीय ने कोतवाली में सहायक लेखाकार के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रवि रत्न सिंह ने बताया कि जांचकर कार्रवाई की जाएगी। उधर, एक्सईएन द्वितीय राजेश कुमार का कहना है कि उक्त सहायक लेखाकर सूजती गांव निवासी हैं। अपने ही तहसील क्षेत्र में तैनात हैं। यह नियम विरुद्ध है, इसलिए उनका यहां से हटाया जाना जरूरी है।