बागपत के एक बैंक के बाहर आधार कार्ड बनवाने के लिए लगी लोगो की भीड़
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। बैंकों व डाकघर में आधार कार्ड बनाने के साथ त्रुटि दूर करने की व्यवस्था है। आधार कार्ड दुरुस्त करने के 50 व बनाने के 30 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसके बावजूद यहां 200 रुपये वसूले जा रहे हैं। आधार कार्ड में नाम व पता ठीक कराने तथा नया बनवाने पर जेब ढीली की जा रही है। इनकी शिकायत डीएम से की गई है।
आधार कार्ड बनवाने व दुरुस्त कराने की सुविधा पहले सरल केंद्रों में होने से काफी परेशानी होती थी। वहां भी ज्यादा रुपये वसूलने की शिकायत मिली। जिससे सरकार ने बैंकों व डाकघर में प्राइवेट लोगों को यूआईडी जारी कर दी। जिससे वे आधार कार्ड बनाने से लेकर उससे संबंधित सभी कार्य कर सकें। इससे संबंधित कार्यों के लिए फीस तय की गई है। इसके बावजूद बैंकों व डाकघर में चार से छह गुना तक ज्यादा रुपये वसूले जा रहे हैं। यह सब कैमरे में कैद होने पर वीडियो के साथ शिकायत डीएम को ट्वीटर पर की है।
आवेदन निशुल्क, अन्य कार्य के 30-100 रुपये
सरकार ने आधार कार्ड से संबंधित सभी कार्यों के लिए राशि तय की हुई है। आधार कार्ड के लिए आवेदन करने व नया आधार कार्ड के लिए बायोमैट्रिक कराने के लिए राशि नहीं लगती है। आधार कार्ड डाउनलोड कर कलर प्रिंट देने की 30 रुपये फीस निर्धारित हैं। आधार कार्ड में नाम व पता बदलवाकर प्रिंट निकालकर देने की 50 रुपये फीस व बदलाव के लिए बायोमेट्रिक करने की 100 रुपये फीस है। इसके बावजूद 200-200 रुपये लिए जा रहे हैं। आधार कार्ड नया बनवाने वालों से भी 200 रुपये लिए जाते हैं।
आधार कार्ड में मेरे नाम की स्पेलिंग गलत थी। उसे दुरुस्त कराने आया था। इसके लिए मुझसे 200 रुपये लिए हैं। मुझे बताया कि आधार कार्ड में नाम ठीक कराने की 200 रुपये फीस लगती है।-सोनू धनकड़, फैजपुर निनाना
मैं तीन वर्षीय पुत्री सना का आधार कार्ड बनवाने आया। मेरे पास केवल 200 रुपये थे। मैं 150 रुपये देने लगा तो इनकार कर दिया। इसलिए पूरे 200 रुपये देने पड़े। अब मेरे पास घर जाने के लिए किराया नहीं है।-आसिम, नौरोजपुर रोड
आधार कार्ड बनवाने व दुरुस्त करने में ज्यादा रुपये लेने का मामला जानकारी में आया है। इससे शासन को अवगत कराकर कार्रवाई की जाएगी। किसी से ज्यादा वसूली नहीं होने दी जाएगी।-अमित कुमार, एडीएम