बागपत। चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई वीडियो कांफ्रेंस में चीनी मिलों में 20 अक्तूबर से पेराई नए सत्र शुरू करने के निर्देश दिए। बागपत शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक आरके जैन ने बताया कि शुक्रवार को गन्ना बकाए के भुगतान के लिए आवंटित की गई 200 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। इसमें से 24 करोड़ रुपये की धनराशि किसानों के बकाए के भुगतान के लिए बागपत शुगर मिल को आवंटित की गई है। इस धनराशि से 27 अप्रैल तक के गन्ने बकाए का भुगतान किसानों के खातों में भेजा जाएगा। बैठक में अपर सचिव संजय आर भूसरेड्डी, सहकारी चीनी मिल संघ के प्रबंध निदेशक रमाकांत पांडेय व प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों के प्रबंधक मौजूद रहे।