सड़क हादसे में भाई की मौत पर विलाप करती पूनम।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बिनौली में डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के पास बड़ौत से मेरठ जा रही महेंद्रा पिक गाड़ी ने एक बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि, एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को बरनावा बस स्टैंड के पास पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
मृतक मांगे (30 वर्ष) पुत्र हरपाल मिलाना गांव का रहने वाला था। वह सोमवार की दोपहर बाइक से अपनी बहन पूनम को सामान दिलाने के लिए बिनौली आ रहा था। एक मार्च को पूनम की शादी होने वाली है। जैसे ही मांगे डेरा सच्चा सौदा आश्रम के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मांगे और पूनम व दूसरी बाइक पर सवार मनव्वर पुत्र अख्लाम व सलीम पुत्र तोहिब निवासी खिवाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान जैसे ही मांगे सड़क से उठने लगा, तभी बड़ौत से मेरठ जा रही एक महेंद्रा पिक गाड़ी के चालक ने मांगे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को बरनावा बस स्टैंड पर पकड़ लिया, जबकि गाड़ी चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को बिनौली सीएचसी पर भर्ती कराया। मांगे की मौत से परिजनों मेें कोहराम मच गया। इस संबंध मेें मृतक के पिता हरपाल ने बिनौली थाने पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
सड़क हादसे में ग्रामीण की मौत
बड़ौत। बड़ौत-शामली मार्ग पर सोमवार की दोपहर एक मिनी बस की चपेट में आकर बासौली निवासी ग्रामीण नरेशपाल की मौत हो गई। इस घटना के बाद से चालक बस लेकर फरार हो गया। ग्रामीण की मौत से घर में कोहराम मच गया। नरेश पाल पुत्र प्रकाश बासौली गांव का निवासी था। वह सोमवार की दोपहर किसी काम से बासौली से बाइक पर सवार होकर बड़ौत आ रहा था। बड़ौत की तरफ से तेज गति से शामली जा रही एक मिनी बस ने नरेशपाल को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बस चालक वहां से फरार हो गया। राहगीरों ने नरेश पाल को बड़ौत सीएचसी पर भर्ती कराया, लेकिन वहां पर मौजूद चिकित्सकों ने नरेश पाल को मृत घोषित कर दिया।