बड़ौत (बागपत)। सरकार भले ही परिवहन निगम को बेहतर बनाने के दावे कर रही है परंतु धरातल पर फेल नजर आ रहे हैं। स्पेयर पार्ट्स समेत टायर न मिलने से बड़ौत डिपो में बीते 25 दिन से निगम की 22 रोडवेज बसें खड़ी धूल फांक रही हैं। जिस कारण मुख्य रूटों पर बस सेवाएं ठप हैं। वहीं, आधा दर्जन से अधिक रूटों पर बस सेंवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, अब तक रोडवेज को लाखों का नुकसान पहुंच चुका है।
बड़ौत डिपो में 77 बसें निगम की व 48 बसें अनुबंधित हैं। इनकी रिपेयरिंग के लिए स्पेयर पार्ट्स क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ से आते हैं। बीते 25 दिन से स्पेयर पार्ट्स एवं टायर न आने से निगम की 22 बसें वर्कशाप पर खड़ी धूल फांक रही हैं। जिस कारण लखनऊ, गोरखपुर, कोटद्वार, सीतापुर, टनकपुर समेत सात मुख्य रूटों पर बस सेवाएं ठप हैं। हालांकि आधा दर्जन से अधिक रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं, अब तक इन बसों का संचालन न होने से रोडवेज को भी 50 लाख का नुकसान पहुंच चुका है। वहीं, इन रूटों पर बस संचालन न होने से यात्रियों को असुविधा हो रही है।
इन रूटों पर ठप हैं बस सेवाएं
बड़ौत-दिल्ली-गोरखपुर, दिल्ली-सीतापुर-लखनऊ, बड़ौत-दिल्ली-कोटद्वार, बड़ौत-दिल्ली-लखनऊ, मुजफ्फरनगर-टनकपुर, शबगा-दिल्ली, मेरठ-लखनऊ आदि
इन रूटों पर बस संचालन प्रभावित
बड़ौत-शामली, बड़ौत-मुजफ्फरनगर, बड़ौत-दिल्ली-हरिद्वार, बड़ौत-दिल्ली समेत एक दर्जन से अधिक लोकल रूटों पर भी बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है।
नहीं जा सका लखनऊ
यात्री बबलू का कहना है कि उन्हें गत सप्ताह किसी काम से लखनऊ जाना था। बड़ौत डिपो से लखनऊ की सेवा न मिलने नहीं जा सके। अब उन्हें ट्रेन या निजी वाहन का सहारा लेना पड़ेगा। यात्री रोहित का कहना है कि उन्हें गोरखपुर में रिश्तेदार के यहां जाना था परंतु बस की सुविधा नहीं मिली।
ये बोले एआरएम
स्पेयर पार्ट्स नहीं मिलने से वर्कशाप पर 22 बसें खड़ी हुई हैं। इस संबंध में अधिकारियों को दर्जनों बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। जिन रूटों से इन बसों को हटाया गया है, उन पर संचालन व्यवस्था प्रभावित हो रही है।-वीपी अग्रवाल, एआरएम
ये बोले फोरमैन
बीती 20 अगस्त से 22 बसें खड़ी डिपो में हुई हैं। उनकी मरम्मत के लिए स्पेयर पार्ट्स समेत टायर नहीं मिल रहे हैं। जिस कारण दिक्कतें हो रही है।-सतेंद्र शर्मा, फोरमैन बड़ौत