बलरामपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजारपार बाजार के पास बृहस्पतिवार को दिन में 12 बजे बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक दोनों को इलाज के लिए ले जाया जाता तब तक एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल व मृतक के शव को पीएम के लिए भेज दिया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कटैचा गांव निवासी 40 वर्षीय हरिश्चंद्र पुत्र दुर्बल्ली गांव के ही 28 वर्षीय अखिलेश पुत्र मोतीलाल के साथ बाइक से बृहस्पतिवार को दवा लेने के लिए जा रहे थे। अभी वे मुबारकपुर थाना अंतर्गत गुजरपार के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रहे बाइक सवार से उनकी टक्कर हो गई। इस हादसे में हरिश्चंद्र व अखिलेेश घायल हो गए। जब तक दोनों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था होती तब तक हरिश्चंद्र ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अखिलेश को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं मृतक हरिश्चंद्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन पुत्र व एक पुत्री का पिता था। घटना की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।