मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त करने के बाद पलटा ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर बाजार में सोमवार की सुबह राजस्थान से बिहार लहसुन लाद कर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में घुस कर पलट गया। हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन मकान का काफी नुकसान हुआ है। गृहस्वामी ने ट्रक चालक पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए क्षतिपूर्ति की मांग किया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस क्षतिग्रस्त हुए ट्रक को किनारे हटवाने की कवायद में जुट गई।
यह है मामला
कप्तानगंज के रानीपुर बाजार निवासी बेचन गुप्ता का मकान मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है। इसी मकान में वे दुकान भी चलाते हैं। अल सुबह लगभग पांच बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर बेचन गुप्ता के मकान में घुस गया और मकान को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त करते हुए पलट गया। मकान से ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीड़ित के साथ ही अगल-बगल के मकान भी हिल गए।