आजमगढ़। शहर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात करतालपुर तिराहे पर मुठभेड़ के बाद बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनके निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की सात बाइक बरामद की है। एक तमंचा व कारतूस भी बरामद किया गया है।
कुंदीगढ़ मुहल्ला निवासी विशाल की बाइक 27 अप्रैल को चोरी हो गई थी। उसने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। बृहस्पतिवार की रात शहर कोतवाली पुलिस बाइक चोर गिरोह के सदस्य करतालपुर तिराहे पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अलग-अलग बाइक पर सवार तीन युवक दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो एक युवक पुलिस टीम पर फायर करते हुए भाग निकला जबकि दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस व दो चोरी की बाइक बरामद की गई। इन्होंने अपना नाम विशाल निवासी देवखरी व राहुल पुत्र मनीराम निवासी ग्यासपुर बताया। फरार साथी का नाम अखिलेश है जो अतलौलिया के मदियापार का रहने वाला है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच और बाइक को अलग-अलग जगहों से बरामद किया।