बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पौहारी सरैया स्थित रामसागर पोखरे में नहाने गए किशोर की डूब कर मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ नहाने गया था। कुछ ही देर बाद उसका शव पोखरे से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के पटाधन गांव निवासी शनि विश्वकर्मा (14) पुत्र जितेंद्र विश्वकर्मा गांव के पास पौहारी सरैया स्थित रामसागर पोखरे पर दोस्तों के साथ स्नान करने गया था। सोमवार को यहां मेला लगता है, जिसके चलते यहां काफी भीड़ थी। सुबह लगभग दस बजे शनि दोस्तों के साथ यहां पहुंचा। इसके बाद कपड़े आदि उतार कर वह पोखरे में ऊंचाई से छलांग लगा दी। वह काफी देर तक ऊपर नहीं आया तो पोखरे पर स्नान कर रहे युवकों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद युवकों ने उसे पोखरे से निकाल लिया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी होते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर अतरौलिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत बालक मां-बाप की इकलौती संतान था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।