मेजवां। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंवरनदी पिपरहा घाट पर सोमवार को दोस्तों के साथ नहाने गया किशोर नदी में डूब गया। स्थानीय लोगों के साथ ही गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी है लेकिन देर शाम तक वह नदी से बरामद नहीं किया जा सका था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फूलपुर कस्बा निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद काशान पुत्र गुलाम हसनैन सोमवार की शाम चार बजे अपने साथियों के साथ कुंवरनदी तट स्थित पिपरहा घाट पर नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहराई में चला गया और डूब गया। घटना के बाद उसके दोस्त परिजनों को सूचना दिए। सूचना मिलते ही परिजन व आसपास के लोग मौके पर जुट गए। कुछ युवक तत्काल नदी में कूद कर काशान की तलाश में जुट गए। वहीं जानकारी पर फूलपुर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और गोताखोरों को बुला कर डूबे किशोर की तलाश में लगाया। देर शाम साढ़े सात बजे तक डूबा किशोर नदी से बरामद नहीं किया जा सका था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। काशान अयोध्या जिले में रह कर पढ़ाई करता था। वह हाईस्कूल में था और मोहर्रम त्यौहार पर फूलपुर अपने घर आया हुआ था। समाचार लिखे जाने तक उसकी नदी में तलाश जारी थी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।