आजमगढ़। जिले के दो थानों की पुलिस ने शुक्रवार को दो चोरों को पकड़ने के साथ ही चोरी की बाइक और ई-रिक्शा को बरामद किया। दोनों चोरों का पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कंधरापुर थाना पुलिस शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक से साथ उसे बेचने के लिए किशुनदासपुर की तरफ से आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस सिलनी पुल पर वाहनों की चेकिंग करने लगी। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताया गया युवक भी मौके पर पहुंचा। पुलिस की चेकिंग देख वह बाइक मोड़ कर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अबुल कैश उर्फ सिकंदर पुत्र नवी निवासी फत्तनपुर थाना पवई बताया। उसके पास से चोरी की एक बाइक भी बरामद हुई है।
इसी क्रम में शहर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की एक व्यक्ति चोरी की ई-रिक्शा के साथ बाग लखराव पुल के पास मौजूद है। इस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही उक्त व्यक्ति ई-रिक्शा छोड़ कर मंदिर की तरफ भागा। पुलिस टीम ने उसे दौड़ा कर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम नसीम पुत्र शिराज अद निवासी जाफरपुर काशीराम कालोनी थाना सिधारी बताया। भागने का कारण पूछने पर बताया कि ई-रिक्शा उसने 1 नवंबर को शहर के गुरूटोला-अनंतपुरा मुहल्ला से चोरी किया था। 10 दिन पूर्व भी उसने एक सामान ढोने वाला ई-रिक्शा चुराया था, जिसकी बैट्री निकाल कर उसे ठंडी सड़क पर बंधा किनारे लावारिस हाल में छोड़ दिया था। पुलिस ने दोनों चोरों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।