आजमगढ़। शहरों की तर्ज पर अब जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों में ओपेन जिम खोने की योजना है। गांव में ही यह सुविधा होने से अब युवाओं अपनी सेहत बनाने के लिए शहर की तरफ रुख नहीं करना होगा।
जिले में कुल 1858 ग्राम पंचायतें हैं। शपथ ग्रहण के बाद सभी प्रधानों ने कामकाज करना शुरू कर दिया है। पंचायती राज विभाग से भी पंचायतों में विकास की रूपरेखा बनाई गई है। कोरोना काल को देखते हुए गांव-गांव ओपेन जिम खोलने का फैसला लिया गया है। पहले चरण में बड़ी ग्रामपंचायतों का चयन किया जा रहा है। इस जिम के चारो तरफ लोगों के टहलने के लिए ट्रैक भी बनाए जाएंगे। राज्य वित्त आयोग से भी इसके बजट मिलेगी। डीपीआरओ लालजी दुबे ने बताया कि प्रधानों ने कामकाज करना शुरू कर दिया है। ऐसे में पंचायती राज विभाग ने इस बार पंचायतों में ओपेन जिम खोलने का फैसला लिया है। वैसे तो हर पंचायत में ओपन जिम बननी हैं लेकिन पहले चरण में बड़ी ग्राम पंचायतों का चयन किया जा रहा है।
बड़ी ग्राम पंचायतों में मनरेगा से पार्क बनाए जा रहे हैं। पार्क में ही ओपेन जिम बनाया जाएगा ताकि लोग व्यायाम कर सकें। इसपर खर्च होने वाली धनराशि राज्य वित्त आयोग से जारी होगी।-आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी।