ओमप्रकाश राजभर ने नगर के एक होटल में अपने कार्यकर्ताओं संग लोकसभा उपचुनाव को लेकर बैठक की। इस दौरान सपा से विधान परिषद के लिए घोषित प्रत्याशियों में भागीदारी न मिलने के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मांगों उसी से जो दे दे खुशी से। उन्होने कहा कि कोई जरूरी नहीं है कि हमारे कार्यकर्ता एमएलसी बनकर ही लड़ेंगे बल्कि इनके पास वो ताकत है कि वह आसमान को भी झुका सकते हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्य बड़े और अनुभवी नेता
महान दल के द्वारा गठबंधन से अलग होने पर ओमप्रकाश ने कहा कि वे अभी नाराज है कल फिर आ जाएंगे। हमारी पार्टी आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में पूरी तन्मयता से समाजवादी पार्टी के साथ है। स्वामी प्रसाद मौर्य को एमएलसी बनाने के सवाल पर कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य बड़े और अनुभवी नेता है। बैठक के बीच ही सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव सपा विधायकों के साथ पहुंचे। जहां सुभासपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान विधान परिषद के लिए घोषित प्रत्याशियों में भागीदारी न मिलने के सवाल ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मांगों उसी से जो दे दे, खुशी से। एमएलसी के लिए 31 विधायक चाहिए जबकि उनके पास 6 विधायक हैं। हम अभी उस लायक बनने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद भी कम सीटों पर जीत हासिल करने वाली राष्ट्रीय लोकदल को एमएलसी का टिकट मिलने के सवाल पर ओपी राजभर ने कहा कि भाजपा ने 273 सीटों पर विजय पाई है।
उसमें जितने भी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक नेता हैं उन पर अकेले ओमप्रकाश राजभर भारी है। तो हमें कोई जरूरत नहीं है। हमारे ये कार्यकर्ता एक से एक बारूद है। कोई जरूरी नहीं है कि ये एमएलसी बनकर ही लड़ेगें। इनमें इतनी उर्जा है कि ये आसमान को भी झुकाने की हैसियत रखते है।
लोकसभा उपचुनाव के लिए आजमगढ़ में सियासी पारा काफी बढ़ गया है। प्रत्याशी बिना धूप और गर्मी की परवाह किए मैदान में धूल फांक रहे हैं। वहीं भाजपा उपचुनाव में इस सीट को जीतने के लिए पूरा जोर लगाए हुए हैं। पार्टी की ओर से 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई जो आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभाओं को मथने का कार्य करेंगे।
भाजपा ने आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव के लिए जिन 40 स्टार प्रचारकों जारी की गई सूची में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, चिकित्सा मंत्री बृजेश पाठक, राधा मोहन सिंह, सुनील ओझा, संजीव चौरसिया, महेन्द्र नाथ पांडेय, मुख्तार अब्बास नकवी, साध्वी निरंजन ज्योति, एसपी सिंह बघेल, कौशल किशोर, पंकज चौधरी, बीएल वर्मा, सूर्य प्रताप शाही, दिनेश शर्मा, धर्मपाल सिहं, भूपेन्द्र चौधरी, बेबी रानी मौर्या, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, अरविन्द कुमार शर्मा, अनिल राजभर, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, असीम अरूण, गिरीश यादव, जसवंत सैनी, बलदेव औलख, विजय लक्ष्मी गौतम, विनोद सोनकर, रवि किशन, सकलदीप राजभर, हरिनारायन राजभर, प्रवीण निषाद, रविन्द्र कुशवाहा, संगीता यादव, अनूप गुप्ता, मोहित बेनीवाल और धर्मेन्द्र सिंह को स्टार प्रचारक बनाया गया है।