सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में होमगार्ड की धारदार हथियार व राड से पिटाई की गई। इस दौरान फायरिंग का भी आरोप है। घायल होमगार्ड को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया है।
सिधारी थाना क्षेत्र के मोहमदल्ला गांव निवासी हरेंद्र यादव (28) होमगार्ड है। वर्तमान में उसकी तैनाती पुलिस आफिस पर है। गेलवारा गांव निवासी कुछ लोगों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है। जिसे लेकर पूर्व में दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। इस रंजिश को लेकर गेलवारा गांव निवासी गौरव यादव व उसके साथियों ने सोमवार को भदुली पेट्रोल पंप के पास धारदार हथियार व राड से हरेंद्र पर हमला कर गंभीर रूप से घायल भी कर दिया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी की है। सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरेंद्र यादव को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। वहीं घायल पक्ष की तहरीर पर सिधारी पुलिस ने गौरव, सौरभ, सर्वेश, सोनू और उनके दो अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच की कवायद में जुट गई है। इनकी तलाश में दबिश की कवायद में पुलिस जुट गई है।