अमिलो। सिधारी थाना क्षेत्र के धनकपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की देर रात एक व्यक्ति की ट्रेन से कट कर मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास में मौजूद मोबाइल के आधार पर मृतक की शिनाख्त किया और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया।
सिधारी थाना के धनकपुर गांव के पास से रेलवे लाइन गुजरी हुई है। शुक्रवार की सुबह ग्रामीण रेलवे लाइन की तरफ जा रहे थे तो ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव ट्रेन से कटा हुआ पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सिधारी थाना पुलिस को दी।
सूचना पर सिधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कवायद में जुट गई। पास में मिले मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक की शिनाख्त 32 वर्षीय बलवंत सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह निवासी बैठौली थाना सिधारी के रुप में की गई। इसके बाद परिजनों को पुलिस ने घटना की सूचना दी और फिर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बैठौली बाईपास पर किराना की दुकान करता था और वह तीन भाईयों में सबसे छोटा था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।