ठेकमा। बरदह थाने के कुड़ीहर गांव में मंगलवार की देर शाम घात लगाए मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से पीटकर बाइक सवार दो युवकों को घायल कर दिया। इन दोनों का क्षेत्र के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से ही आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
घायल युवक सागर पांडेय (18) पुत्र ओमप्रकाश और सौरभ दीक्षित (23) पुत्र योगेंद्र हैं। यह दोनों बरदह थाने के कुड़ीहर गांव के निवासी हैं। बताया जाता है कि ओमप्रकाश पांडेय के घर का विद्युत कनेक्शन गांव के राजभर बस्ती के युवकों ने काटकर निकाल दिया। तभी से उसके घर में अंधेरा छाया हुआ है। सोमवार को गांव में भंडारे का आयोजन था। वहीं पर तार काटने वाले मौजूद थे। भंडारे में शामिल होने के लिए सागर भी पहुंचा हुआ था। उसने मनबढ़ों से तार काटने की वजह पूछा तो सभी उसे पीटने लगे। हालांकि लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया। मंगलवार को सागर अपने मित्र सौरभ के साथ बाइक से गोड़हरा बाजार गया हुआ था। बाजार में मौजूद विपक्षियों से पुन: कहासुनी हुई। इसके बाद विपक्षी गांव के बाहर काफी संख्या में घात लगाकर बैठ गए। जैसे ही सागर और सौरभ पहुंचे कि उन पर लाठी-डंडा से हमला बोलकर घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग पुलिस को सूचना देकर घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सीओ लालगंज सच्चिदानंद ने बताया कि एक दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।