आजमगढ़। सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान सगड़ी तहसील में तोडफ़ोड़, रोडवेज बसों में तोडफ़ोड़ और आगजनी, फायरिंग, पुलिस और अधिकारियों की गाड़ी तोडने के मामले में देर शाम को जीयनपुर कोतवाली में कुल तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए। इसमें नगर पंचायत अजमतगढ़ के चेयरमैन और सपा नेता सहित 26 लोगों को नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक पहला मुकदमा नायब तहसीलदार सगड़ी ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर दर्ज की गई है। इसमें नगर पंचायत अजमतगढ़ के चेयरमैन पारस सोनकर, चेयरमैन का चुनाव हारने वाले कुमार गौरव, जीयनपुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर और अजमतगढ़ कस्बा निवासी धर्मेंद्र कुमार, जीयनपुर कोतवाली के डिघवनिया मझौवा निवासी सपा नेता संजय यादव, मालटारी महाविद्यालय का छात्र नेता अर्जुन, अजमतगढ़ कस्बा निवासी डा. राजबली सहित 26 लोगों को नामजद और अन्य अज्ञात को आरोपित किया है। नायब तहसीलदार का आरोप है कि इन्हीं लोगों के भडक़ाने पर भीड़ आक्रोशित होकर उपद्रव करने लगी थी। इसके अलावा इस मामले की दूसरी रिपोर्ट रोडवेज बस के परिचालकों की तरफ से दर्ज कराई गई। जिसमें इन सभी ने बस में तोडफ़ोड़, पथराव और आगजनी के लिए अज्ञात लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। जबकि तीसरी रिपोर्ट जीयनपुर कोतवाली पुलिस की तरफ से दर्ज कराई गई। जिसमें पुलिस ने इन सभी आरोपियों को नामजद किया है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस के पास मौजूद पर्याप्त साक्ष्य और सबूतों के आधार पर इनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिनके विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान करने का क्रम जारी है।आशीष तिवारी