आजमगढ़। सुप्रीम कोर्ट के एससी-एसटी एक्ट पर फैसले के विरोध में दलित समाज के लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर उतर आया। इस दौरान दलित समाज के लोगों ने पूरे जनपद के ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह रैलियां निकालकर धरना-प्रदर्शन किया और मांगों का ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को सौंपा। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से अपना आदेश वापस लेने की मांग कर जगह-जगह जाम लगाया।
जहानागंज प्रतिनिधि के अनुसार एससी, एसटी एक्ट के विरोध में सभी गांवों के दलित समाज के महिला, पुरुष रविदास मंदिर पर एकत्रित हुए। फैसले के विरोध में नारेबाजी करते हुए मवेशीखाना, सैयद मोड़, जहानागंज चौक ब्लाक होते हुए आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पा साढ़े 11 बजे जाम कर दिया। जो लगभग आधे घंटे तक रहा एसआई के समझाने पर लोग जाम खोले। वहीं छतवारा मोड़ पर भी दलित समाज के लोगों ने लगभग एक घंटे तक चक्काजाम किया। इस मौके पर दरोगा प्रधान, संतोष कुमार, जयप्रकाश गौतम, धर्मेंद्र यादव, लालजी, शैलेश, अमित चंद आदि उपस्थित थे। मुबारकपुर प्रतिनिधि के अनुसार एससी, एसटी एक्ट में संशोधन किए जाने के विरोध में हजारों की संख्या में दलित समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। थाना स्थित रविदास मंदिर पर काफी संख्या में एकजुट होकर जुलूस निकाला जो अमिलो, नेवादा, हुसैनाबाद, लोहिया, चकिया आदि गांव का भ्रमण करते हुए रोडवेज चौराहे पर पहुंचा और चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण आधे घंटे तक मुबारकपुर-सठियांव मार्ग बाधित रहा। इस मौके पर अजय, परदेसी, श्रवण कुमार, संजय, रामभजन, सोनू, राजेंद्र, तेजबहादुर, रामचंदर, रामाश्रय, पवन आदि उपस्थित थे। अंबारी प्रतिनिधि के अनुसार कोर्ट के फैसले के खिलाफ सोमवार को माहुल नगर के पवई रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास से डा. भीम राव अंबेडकर नवयुग समिति के तत्वाधान में राजेश गुप्ता के नेतृत्व में रैली निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया गया। रैली पूरे कस्बे का भ्रमण करते हुए तहसील पहुंची और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौकेे पर बसपा नेता राजेश गुप्ता, कैलाश कुमार गौतम, राजकुमार गौतम, बालिस्टर कुरैशी आदि उपस्थित थे। मार्टीनगंज प्रतिनिधि के अनुसार डा. अंबेडकर जागृति समिति और भीम सेना के नेतृत्व में दलित नेता गुलाबचंद भारती अध्यक्षता में दलित समाज के लोगों के साथ भारत बंद के समर्थन में महुजा मोड़ से लेकर जैगहा मोड़ तक सभी दुकानें बंद कराई। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम इंद्रभान तिवारी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर रामनाथ निराला, चंद्रभान आजाद, सुनील, प्रेमचंद, अजय कुमार, मनोज, धीरेंद्र प्रताप, संजीव, मिथिलेश, रामाश्रय आदि उपस्थित थे। अहरौला प्रतिनिध के अनुसार शाहपुर में दलित समाज द्वारा अहरौला-बूढनपुर मार्ग जाम कर दिया गया। लगभग दो घंटे तक चले जाम के दौरान लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। सूचना मिलने पर एसओ अहरौला ने जाम को समाप्त कराया। मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के अक्षयबर नगर अंबेडकर चौराहे से नगर के मुख्य चौराहा होते हुए तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाला गया और तहसील पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आशा राम यादव को सौंपा गया। इस मौके पर रमेश राम, बृजराज, विजय बहादुर, गुलजार, सतीश आदि उपस्थित थे। मेजवां प्रतिनिधि के अनुसार डा. अंबेडकर जागृति समिति चकमजसूद जहां माहुल के अध्यक्ष कैलाश गौतम के नेतृत्व में फूलपुर स्थित फरहान कांवेंट स्कूल परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जुलूस की शक्ल में तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर डा. एसके गौतम, डा. गिरीश, सुरेंद्र प्रसाद राव, सिकंदर प्रसाद कुशवाहा, वीरेंद्र कुमार आदि लोग चल रहे थे। अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुुसार कबीरूद्दीनपुर गांव के पास बसपा कार्यकर्ताओं ने आजमगढ़-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग को शाम चार बजे से जाम कर दिया इस दौरान मोदी योगी मुर्दाबाद के नारे लगाए और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरोध में भी नारेबाजी की। लगभग एक घंटे बाद अतरौलिया थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह के समझाने.बुझाने पर किसी तरह जाम समाप्त हुआ। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने अतरौलिया में जबरदस्ती दुकानों को बंद कराने का प्रयास किया। व्यापारियों ने इसका विरोध किया जिसे लेकर दोनों में नोकझोंक हुई। लेकिन पुलिस की तत्परता से मामला शांत हो गया। लालगंज प्रतिनिधि के अनुुसार सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले पर पुनर्विचार और वापसी की मांग को लेकर दलित समाज के लोगों ने रैलियां निकाली और जगह-जगह रुक कर नारेबाजी भी की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम लालगंज को सौंपा। इस मौके पर संदीप गौतम, डा. जीयालाल, रामबचन, संकठा प्रसाद, नारायण भारती, महेश सोनकर, बहादुर, विनय कुमार आदि उपस्थित थे।