मुबारकपुर कस्बा स्थित एक स्कूल की छत के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आकर कक्षा छह का छात्र झुलस गया। झटका लगने से वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसका एक हाथ भी टूट गया है। बच्चे को सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मुबारकपुर कस्बा के मोहल्ला शाहिद नगर स्थित एक स्कूल के छत के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजरा हुआ है। बुधवार को कक्षा छह का छात्र 13 वर्षीय इमरान अहमद पुत्र इसराइल खेलते-खेलते विद्यालय की छत पर चढ़ गया। तार के कारण छत पर चढ़ने के लिए सीढी नहीं बनी थी। इसके बाद भी वह दीवार में निकली ईंट के सहारे छत पर चढ़ा। हाई टेंशन तार का उसने ध्यान नहीं दिया और गर्दन उसमें फंसने वह झुलस गया। इस दौरान उसे करंट को तेज झटका भी लगा और वह छत से नीचे गिर पड़ा। जिससे उसका एक हाथ भी टूट गया। घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। उसको सीएचसी मुबारकपुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिस पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराए है। जहां उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।