सपा कार्यालय पर आयोजित महिला संगोष्ठी को संबोधित करतीं लीलावती कुशवाहा।
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य लीलावती कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा सरकार आई है, महिला उत्पीड़न, हत्या, दुष्कर्म, अपहरण की घटनाओं की बाढ़ आ गई है। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और उनके मान-सम्मान पर हमला हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ महंगाई की मार से महिलाओं की रसोई सूनी है, जीवन दूभर हो गया है। उन्होंने उक्त बातें शुक्रवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित महिला संगोष्ठी में कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों की बाढ़ है और अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं। कोरोना काल में प्रदेश की जनता दवा और ऑक्सीजन के अभाव में मरती रही और प्रदेश सरकार लोगों को गुमराह करने में लगी रही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उप्र में अखिलेश यादव की सरकार बना कर ही सारी समस्याओं को दूर किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि गांव-गांव समाजवादी सरकार बनाने के लिए लग जाएं।
पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि समाज की आधी आबादी आज अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है। खास कर पिछड़ी व दलित महिलाओं का मान-सम्मान खतरे में है। भाजपा सरकार पिछड़े व दलितों का आरक्षण समाप्त करने का षडयंत्र कर रही है। उन्होंने 2022 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का आह्वान किया। संगोष्ठी को समाजवादी महिला सभा आजमगढ़ की प्रभारी एवं प्रदेश सचिव श्रीमती शीला विश्वकर्मा, अल्का कुशवाहा, जिलाध्यक्ष महिला सभा श्रीमती बबिता चौहान ने भी संबोधित किया।