सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फूल बरसाते हुए साइकिल यात्रा निकाली
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर मंगलवार को आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फूल बरसाते हुए साइकिल यात्रा निकाली और फीता काटकर कहा कि उन्होंने एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर दिया। पुलिस ने 28 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
सुल्तानपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों मंगलवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण तय था। उससे पहले आजमगढ़ में सपाइयों ने एक्सप्रेस-वे पर फूल बरसाते हुए साइकिल यात्रा निकाली। इस दौरान पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और विधायक नफीस अहमद ने श्रीनगर सियरहां गांव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप ने असोना गांव के पास और सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने सठियांव में फीता काटा।
इसके अलावा लालजीत यादव ने किशुनदासपुर में फीता काटकर कहा कि उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लोकार्पण कर दिया। सपाजनों ने कहा कि इस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था। सपा के कार्यों को भाजपा अपना बता रही है। उनके नाम भी बदल रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का भी नाम बदला गया है। पहले इसका नाम समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे था।