भाजपा ने अमेरिका में किसी भी भारतीय के साथ जांच के नाम पर दुर्व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए आज कहा कि समाजवादी पार्टी नेता तथा उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री आजम खां हुई जांच को लेकर मुस्लिम कार्ड खेल रहे हैं जो घातक है।
भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने कहा कि श्री आजम खां का यह कहना कि मुसलमान होने के कारण उनके साथ अमेरिका में गलत व्यवहार किया गया, बेहद आपत्तिजनक है।
भाजपा अमेरिका में जांच के नाम पर किसी भी भारतीय के साथ होने वाले गलत व्यवहार की निंदा करती है लेकिन इसे जाति या समुदाय में बांटना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि श्री खां का यह कहना कि मुसलमान होने के कारण ऐसा व्यवहार किया गया उनकी मानसिक हालत को बयां करता है।
सुश्री लेखी ने कहा कि तथाकथित धर्मनिरपेक्ष लोगों को उस समय अमेरिका गलत नजर नहीं आता जब गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को वीजा देने से मना कर देता है।
उन्होंने कहा कि अब धर्मनिरपेक्ष लोगों को लगने लगा है कि मुसलमान होने के कारण उनकी बेइज्जती की गयी है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी भारतीयों के साथ होने वाले गलत व्यवहार का भाजपा ने विरोध किया है चाहे हाल के दौरान साउदी अरब में हुआ मामला ही क्यों नहीं हो।