फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के ममरेजपुर गांव में मारपीट की सूचना पर पहुंचे सिपाहियों से एक पक्ष की महिलाओं और युवकों ने हाथापाई कर वर्दी फाड़ दी। इससे गुस्साए एक सिपाही ने युवक को जूतों से ठोकरें मारीं। इस मामले का वीडियो वायरल होने पर एसपी ने सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया है। वहीं सिपाहियों से अभद्रता करने के मामले में महिलाओं समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है।
गुरुवार रात फफूंद थाने के ममरेजपुर सरैयां गांव का सलमान तिरपाल बांध रहा था। इसी बीच गांव के कल्लू, पंकज व शिशुवेंद्र ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट देख सलमान के भाई भी आ गए और दोनों पक्ष मेें मारपीट शुरू हो गई। इसकी जानकारी किसी ने पुलिस पाता चौकी को दे दी। मौके पर पहुंचे दो सिपाहियों ने मामला शांत कराने की कोशिश की तो गुस्साए एक पक्ष ने सिपाहियों से हाथापाई कर उनकी वर्दी फाड़ दी। इस पर थाने से फोर्स मौके पर पहुंच गया।
पुलिस हाथापाई करने के आरोप में कल्लू, पंकज व शिशुवेंद्र, राधा, सिम्मी को थाने ले गई। सिपाही शैलेंद्र सिंह ने हाथापाई करने वाले पांचों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सिपाही शैलेंद्र मारपीट करता नजर आ रहा है। इस बात का आरोप थाने में पहुंचे आरोपियों ने भी लगाया था। जांच में मामला सही पाए जाने पर एसपी अपर्णा गौतम ने सिपाही शैलेंद्र को लाइनहाजिर कर दिया है। सीओ अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस से अभद्रता करने और वर्दी फाड़ने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया है। वहीं सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया गया है।