कंचौसी (औरैया)। कंचौसी रेलवे स्टेशन की क्रासिंग संख्या छह सी के पास गुरुवार देर रात ट्रैक पर घूम रहे अन्ना मवेशी वैशाली एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। एक के बाद एक आठ गोवंश ट्रेन की चपेट में आकर कट गए। गोवंशों के कटने और इंजन से आवाज आने पर ट्रेन चालक ने ट्रैक पर ही गाड़ी रोक दी। इंजन का निरीक्षण करने के बाद करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इसके चलते 30 मिनट तक दिल्ली-हावड़ा अप व डाउन दोनों ट्रैक बाधित रहे
दिल्ली से मुजफ्फरपुर बिहार जा रही वैशाली एक्सप्रेस गुरुवार रात लगभग 1:15 बजे कंचौसी रेलवे स्टेशन को पार कर रही थी। तभी स्टेशन की क्रासिंग संख्या छह-सी बलरामपुर की मडै़या गांव के पास ट्रैक पर आवारा घूम रहे आठ गोवंश एक के बाद एक अचानक से ट्रेन की चपेट में आ गए। अचानक इतने सारे गोवंश कटने से चालक ने सूझबूझ से गाड़ी की रफ्तार धीमी कर रोक दी, जिससे हादसा होने से बच गया।
इसके बाद चालक ने हादसे की जानकारी स्टेशन मास्टर को वॉकी-टॉकी से दी। जानकारी होते ही स्टेशन प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्टेशन मास्टर समेत अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही कर्मचारियों ने ट्रैक पर कटे पड़े गोवंशों के शवों को ट्रैक से हटाया। बाद में चालक ने इंजन की जांच पड़ताल के बाद स्थिति सही मिलने पर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। स्टेशन अधीक्षक विशंभर दयाल ने बताया कि सूचना मिलने पर कर्मचारियों की मदद से ट्रैक को साफ कराते हुए ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना कराया गया। इसके चलते लगभग 30 मिनट तक दिल्ली-हावड़ा अप व डाउन दोनों ट्रैक बाधित रहे।