दिबियापुर (औरैया)। बेला रोड पर ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। परिजनों के आने तक शव न उठाने की मांग पर लोग अड़ गए। जाम खुलवाने के लिए पुलिस ने समझा बुझाकर शव को उठाकर चिचौली पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया।
दिबियापुर में सहायल रोड पर निर्माणाधीन मकान में गांव क्षमा का पुरवा निवासी प्रताप सिंह कुशवाहा (30) शटरिंग का काम करा रहा था। शुक्रवार देर शाम वह बाइक से गांव जा रहा था। बेला रोड ईंटों से लदे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे प्रताप पहियों के नीचे आ गया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होता देख आसपास के लोग पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव उठाने का प्रयास किया, लेकिन पास में ही दुकान किए परिजनों एवं गांव के कुछ लोगों ने पिता एवं भाइयों के आ जाने के बाद ही शव उठने देने की बात कही।
पुलिस ने समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की जानकारी पर सीओ सुरेंद्र नाथ भी मौके पर पहुंच गए। देर रात पिता बलवंत सिंह थाने पहुंचे और मामले की तहरीर दी है। सीओ सुरेंद्र नाथ के अनुसार तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।