दिबियापुर (औरैया)। शनिवार से शुरू हुए दिबियापुर दिवाली मेले में बच्चों व बड़ों ने अपने हुनर का प्रदर्शन कर इनाम जीते। वहीं लखनऊ से पहुंचे गायकों ने फिल्मी गीत गाकर लोगों के दिल जीते।
शनिवार दोपहर नारायणी मंडपम में डीएम सुनील कुमार वर्मा ने दिबियापुर दिवाली मेले का उद्घाटन किया था। यहां लगे विभिन्न कंपनियों व व्यवसायियों के स्टालों पर शनिवार की शाम से भीड़ उमड़नी शुरू थी। यहां पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों अपेक्षा, वैष्णवी, आस्था, खुशी, अंशिका, अमृता, हर्ष, अभिमन्यु, अनुष्का, समर, वर्षा आदि ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी।
क्षेत्र के बच्चों व बड़ों ने दिबियापुर दिवाली मेले के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाकर इनाम जीते। सिंगर ओजस शाहू, मानिक ने फिल्मी गीत गाकर लोगों का दिल जीता। यहां व्यवसायियों ने आने वाली महिलाओं को फ्री मेंहदी के कूपन दिए। मेले में मेकअप आर्टिस्ट महिलाओं को मेंहदी लगातीं नजर आईं। यहां विभिन्न कंपनियों व व्यवसायियों ने उपभोक्ताओं के लिए आफर के तहत छूट की घोषणा कर रखी है। मेला आयोजक समाजसेवी राघव मिश्रा का कहना है कि उपभोक्ताओं और दुकानदारों की सहूलियतों का बखूबी ध्यान रखा जा रहा है।
पालिका प्रशासन का प्रयास सराहनीय, मेला परिसर में दिखी रौनक
औरैया। शहर के पुराना नुमाइश मैदान में आयोजित दिवाली मेले में पालिका प्रशासन के प्रयासों के चलते रविवार को फिर से मेला परिसर में रौनक दिखाई दी। परिसर में लगी खानपान की रेहड़ियों पर लोगों ने खाने के सामान का लुफ्त उठाया। पुराना नुमाइश मैदान रामलीला स्थल पर आयोजित मेले में रविवार को नगर पालिका ईओ बलवीर सिंह के नेतृत्व में पालिका कर्मचारियों का प्रयास रौनक लाया। मेले में चाट, पकौड़े, डोसा, चाऊमीन, आइसक्रीम, जूस, भेलपूड़ी समेत कई प्रकार के खानपान की दुकानें नजर आईं। इस दौरान मेले में पहुंचे लोगों ने खानपान का लुफ्त उठाया। वहीं मेला पंडाल में एक तरफ सरकारी विभागों के कई स्टॉल भी लगे नजर आए। ईओ ने बताया कि रेहड़ी वालों को मेला में आने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बताया कि मेले का समापन तीन नवंबर को होगा।