औरैया। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के प्रयास सफल होते नहीं दिख रहे है। रविवार को सैफई लैब से आईं एलाइजा की रिपोर्ट में नौ लोगों के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई। जबकि बुखार से मुरादगंज क्षेत्र में 45 वर्षीय किसान की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की नजर में सक्रिय केसों की संख्या ज्यादा नहीं है, लेकिन निजी अस्पतालों में डेंगू संक्रमित मरीज भरे पड़े हैं।
तेजी से बढ़ रहे डेंगू ने तीन सालों का रिकार्ड तोड़ा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को सैफई और जीएसवीएम मेडिकल कालेज कानपुर से प्राप्त एलाइजा सैंपलों की रिपोर्ट में पंडपुर की 20 वर्षीय युवती, ऐरवाकटरा का 25 वर्षीय युवक, 65 वर्षीय वृद्ध, 30 वर्षीय महिला, 25 वर्षीय महिला, 35 वर्षीय महिला, पुरवा फकीरे अघारा की चार वर्षीय बालिका, अंधीयारी बैसौल की 47 वर्षीय महिला, कटरा का 27 वर्षीय युवक डेंगू संक्रमित मिला। बताया कि संबंधित सीएचसी व पीएचसी अधीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि डेंगू संक्रमित मरीजों के क्षेत्रों में टीमें भेजकर उनके परिवारीजनों के सैंपल लेकर डेंगू की जांच कराएं। बुखार पीड़ित वाले गांवों में स्वास्थ्य टीमें भेजकर मरीजों का उपचार कराएं। लक्षण वाले मरीजों की एलाइजा जांच कराई जाए। जिससे डेंगू संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सके। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि रविवार को मिले नौ मरीजों को मिलाकर जिले में अब कुल डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 161 है। जिसमें सक्रिय केसों की संख्या 75 है। बताया कि विभागीय नजर में डेंगू संक्रमण से एक मरीज की मृत्यु हुई है। बताया कि रविवार को चार गांव में स्वास्थ्य टीमें पहुंचीं। जहां 225 मरीजों का उपचार किया गया और लक्षण वाले 52 मरीजों के एलाइजा सैंपल लिए गए।
तेजी से बढ़ रहे बुखार के मरीज
मुरादगंज (औरैया)। क्षेत्र के पुरवा डोरी में बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। 10 दिनों में बुखार से तीन लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक लोग बीमार है। जो झोलाछाप चिकित्सकों से उपचार कराने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के जगत सिंह (45) की शनिवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया कि चार दिन पहले माधुरी (40) पत्नी प्रदीप, सात दिन पहले सीता देवी (45) पत्नी रामगोविंद की बुखार से मौत हो चुकी है। गांव में ज्ञानवती (55), पुष्पा देवी (50), ओम (12), आराधना (14) डेंगू की चपेट में हैं। पुष्टि के बाद निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी है। इनके अतिरिक्त बॉबी (18) पुत्र अशोक कुमार, कल्लू (17) पुत्र प्रेमनरायन, अनीता देवी (22) पत्नी रामनरेश, ममता (45) पत्नी अमोल सिंह, अमित (38) पुत्र अमोल सिंह, रानी देवी (35) पत्नी कप्तान सिंह, प्रशांत सिंह (16) पुत्र सर्वेश कुमार व दिनेश कुमार (12), राखी (11), सुषमा (10), स्याम (13) आदि बुखार से पीड़ित हैं।