अछल्दा (औरैया)। हजरत मुहब्बत शाह बाबा की याद में तीन दिवसीय सालाना उर्स के समापन पर कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देर रात तक श्रोताओं की भीड़ मौजूद रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष इटावा अंशुल यादव, पूर्व विधायक प्रदीप यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश पोरवाल ने फीता काटकर किया। यहां कमेटी के सदस्यों ने अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि 36 वर्षों से लगातार मुहब्बत शाह बाबा की मजार पर उर्स का आयोजन किया जा रहा है।
सालाना उर्स में हिंदू एवं मुस्लिम भाई साथ मिलकर इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं और कार्यक्रम को हिंदू एवं मुस्लिम एकता का प्रतीक बना रहे हैं। दिल्ली से आये कव्वाल उस्ताद चाँद कादरी ने ‘मेरी जिन्दगी पे एक अहसान लिख देना, ...मेरी कब्र के पत्थर पे हिंदुस्तान लिख देना’, ‘ये खून मेरा चमन के लिये, मेरी जान जाये वतन के लिये’ पढ़कर कार्यक्रम को गति प्रदान की।
वहीं बदायूं से कव्वाल नईम साबरी ने भी शानदार कव्वालियां पढ़कर समा बांध दिया। देर रात चले कव्वालियों के कार्यक्रम में सैकड़ों स्रोता मौजूद रहे। उर्स में पहुंचे लोगों ने मजार पर चादरें चढ़ाकर मन्नतें मांगी। उर्स में मेला का आयोजन भी किया गया। इसमें दर्जनों दुकानों पर भीड़ नजर आई। कमेटी के अध्यक्ष सुलेमान, जिला पंचायत सदस्य सुधीर यादव, नसीमुद्दीन, जमीलउद्दीन, जहीर खान, इकबाल उर्फ बबलू, फिरोज खान सभाषद, राजू टेलर, हीरो यादव, सपा नगर अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, महेश चंद्र कौशल आदि मौजूद रहे।