क्षेत्र के ग्राम पुरवा सबसुख सलैया में सुबह से लापता वृद्ध महिला का शव शाम को गांव के बाहर कुएं में मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौत का कारण ज्ञात नहीं हो सका। परिवारीजनों की मानें तो घर में न तो किसी तरह का झगड़ा हुआ और न किसी से विवाद था। पुलिस वृद्घ महिला के फिसलने से कुएं में गिरने की आशंका जता रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुरवा सबसुख सलैया निवासी भाग्यवती (70) पत्नी मुंशीलाल शुक्रवार की सुबह लगभग आठ बजे घर से शौच के लिए निकली थीं। भाग्यवती के घर वालों के मुताबिक देर तक घर न लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। कोई जानकारी नहीं मिली। दोपहर तक भाग्यवती के न मिलने पर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई। वहीं देर शाम गांव के लोग गांव के बाहर कुएं की तरफ पहुंचे। इन्हें कुएं में महिला का शव दिखाई दिया।
इसकी जानकारी ग्रामीणों ने भाग्यवती के परिजनों व कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान की। घटना की सूचना पर कोतवाली मौके पर पहुंची। शव निकालने के लिए दमकल विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। समाचार लिखे जाने तक शव को कुएं से बाहर नहीं निकाला जा सका था। पुलिस ने भाग्यवती के परिवारीजनों से भी बात की। उन्होंने बताया कि घर में किसी से विवाद नहीं हुआ था। न ही किसी से रंजिश थी। पूछताछ में पुलिस को मौत की वजह ज्ञात नहीं हो सकी है।