अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। शहर के एक स्कूल संचालक की शह पर कुछ लोगों ने फीस के विवाद पर बच्चों के पिता को दिबियापुर चौराहे पर बुलाकर पीट दिया। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट कर उससे छह हजार रुपये भी छीन लिए। बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने से समय पर फीस नहीं दे पाए तो बच्चों को स्कूल से भगा दिया गया था। पीड़ित ने कोतवाली में पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के सैनिक कालोनी में रहने वाले विनय सिंह ने बताया कि वह लोडर चलाकर जीवन यापन करता है। उनके दो बच्चे शहर के एक स्कूल में पढ़ने जाते थे। फीस में देरी होने पर उसने स्कूल संचालक से कुछ समय की मोहलत मांगी मगर स्कूल संचालक ने उसके दोनों बच्चों को स्कूल से भगा दिया। उसने शिकायत करने की बात कही तो विवाद हो गया। शनिवार को स्कूल के लड़कों ने उसे फोन कर दिबियापुर चौराहे पर बुलाया और मारपीट की। जेब में पड़े छह हजार रुपये भी निकाल लिए।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। मौके पर मौजूद एसडीएम सदर अमित राठौर ने कोतवाल को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम अमित राठौर ने बताया कि बच्चों को किसी भी कीमत में स्कूल से भगाने का अधिकार नहीं है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।