अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
सदर कोतवाली के फफूंद रोड निवासी पूर्व सैनिक ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बहू की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बडे़ बेटे की मौत के बाद उसकी बहू उसके छोटे से शादी कराने का दबाव डाल रही है। मना करने पर उसने फंसाने की नीयत से मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर निवासी पूर्व सैनिक ने एसपी संजीव त्यागी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि उसके दो पुत्र थे। बड़े पुत्र की शादी 11 मई 2011 को इटावा के एक गांव निवासी ग्रामीण की बेटी से कराई थी। शादी के बाद उसकी दो नातिन हुई। 25 अगस्त 2015 को गाजियाबाद में करंट लग जाने से उसके बड़े पुत्र की मौत हो गई। पुत्र की मौत के बाद बड़ी बहू के मायके पक्ष के लोग उसे अपने घर ले गए। एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उसकी बहू वापस नहीं लौटी। बाद में बहू के मायके पक्ष वालों ने उसके छोटे पुत्र से शादी करने व चल-अचल संपत्ति में हिस्सा देने की बात रखी। इस पर उसने एक समझौतानामा के आधार पर हिस्सा देने की बात स्वीकार करते हुए खेती का बैनामा कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसके छोटे पुत्र ने भाभी के साथ शादी करने से इनकार कर दिया। इससे बहू के मायके पक्ष के लोग उससे खुन्नस मानने लगे। उसी को लेकर बड़ी बहू ने उसके व परिवारीजनों के खिलाफ 15 लाख रुपये की मांग किए जाने का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
- ससुर ने बहू पर लगाया फर्जी मुकदमा दर्ज करने का आरोप