औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में इंटर की छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। घर के लोग जब आए तो नजारा देख दंग रह गए। मृतका के पिता ने एक युवक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
औरैया के फफूंद थानाक्षेत्र के तुलसीपुर गांव में छात्रा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फफूंद थानाक्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री अनुपम (18) नजदीक के गांव केशमपुर के एक विद्यालय में इंटर की छात्रा थी।
विज्ञापन
एनसीसी का प्रशिक्षण भी ले रही थी। मंगलवार को वह लोग सहायल स्थित एक रिश्तेदारी में में गए थे। छात्रा अनुपम, भाई आशिक व अव्ही के साथ घर पर थी। बुधवार को दोनों भाई स्कूल चले गए, तो वह भी पड़ोस में रह रहीं अपनी ताई से स्कूल जाने की बात कहने गई थी। कुछ देर बाद ताई जब घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला था।
अंदर जाकर देखा तो एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अनुपम का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। इस पर उन्होंने पड़ोसियों व परिजनों को जानकारी दी। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।