दिबियापुर (औरैया)। गेल पाता में काम कर रही कंपनी के अधिकारियों को कार समेत अगवा कर बिधूना तक ले जाने के मामले में पुलिस दबिश का सिलसिला जारी है। रविवार रात में भी कई संदिग्धों को पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की। वहीं देरशाम दिबियापुर पुलिस व स्वाट टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया। एसपी ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। देर शाम आईजी ने कंपनी के अफसरों से पूछताछ की व घटनास्थल का निरीक्षण किया
शनिवार सुबह गेल पाता में काम करने वाली आप्टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के रीजनल चीफ मैनेजर (आरसीएम) सौरभ सिंह कुशवाहा समेत पांच अधिकारियों को दो बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने कार समेत अगवा कर लिया था। इस मामले में मुख्य आरोपी दीपू निवासी बैसुंधरा को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे के भाई पिंटू दोहरे निवासी मड़ोकमीत बेला, विष्णु चौहान निवासी बिधूना, आकाश यादव निवासी लोहरई, मोनू यादव निवासी लोहरई के घरों पर नोटिस चस्पा की है।
नोटिस में 25 अक्तूबर को थाने में उपस्थित होकर सवालों के जवाब देने के लिए कहा गया था। नोटिस के बावजूद चारों व्यक्ति थाने में उपस्थित नहीं हुए। सोमवार दिबियापुर थाने पहुंचे एसपी अभिषेक वर्मा ने भी तीनों पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की। दिबियापुर थाना पुलिस के अनुसार जिन चार लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए थे। वह सोमवार को थाने में अपना पक्ष रखने के लिए उपस्थित नहीं हुए हैं। इसलिए उन्हें मामले में आरोपी मानते हुए आगे की कार्यवाई की जाएगी। गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
10 लोगों की संलिप्तता प्रकाश में आई
दिबियापुर (औरैया)। गेल पाता में काम करने वाली कंपनी के अफसरों को अगवा करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिससे पुलिस अब गंभीर है। इसी के चलते शनिवार को पीड़ित कंपनी अफसर की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 341, 342 एवं 386 को विलोपित करते हुए फिरौती आदि के लिए अपहरण करने की धारा 364 ए की बढ़ोतरी कर दी गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में अब तक 10 लोगों की घटना में संलिप्तता सामने आई है। घटना में संलिप्त दो आरोपियों को पकड़ने के बहुत करीब पुलिस पहुंच गई है।