औरैया। करवाचौथ व दीपावली पर्व पर शहर में खुले स्थान पर आतिशबाजी बेचने के लिए जिला प्रशासन की ओर से अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं। अहम बात यह है कि आतिशबाजी स्थल पर सुरक्षा को लेकर फायर ब्रिगेड की ओर से इंतजाम किए जाते हैं, लेकिन इस बार कोई सुरक्षा का इंतजाम नहीं दिखा।
जिला प्रशासन की ओर से अस्थायी आतिशबाजी बेचने के लिए लाइसेंस जारी किए जाते हैं। जिसमें सुरक्षा को लेकर चौकी से लेकर थाना-कोतवाली, सीओ कार्यालय, तहसील प्रशासन, नगर पालिका परिषद के साथ ही फायर ब्रिगेड की रिपोर्ट लगाई जाती है।
जिसमें सुरक्षा की जिम्मेदारी फायर ब्रिगेड की भी रहती है। इस बार शहर में एसडीएम ने 61 लोगों को अस्थायी आतिशबाजी के लाइसेंस जारी किए हैं। शहर में पुराना नुमाइश मैदान रामलीला स्थल पर आतिशबाजी बेचने के निर्देशों के चलते अस्थायी लाइसेंसधारियों ने अपनी-अपनी दुकानें लगाई। लेकिन सुरक्षा को लेकर आतिशबाजी स्थल पर दूर-दूर तक फायर ब्रिगेड की ओर से कोई भी इंतजाम नहीं किए गए। जबकि वहां पर खरीदारों की भारी भीड़ रही। ऐसे में यदि आतिशबाजी को लेकर कहीं कोई घटना हो जाती है तो उसे संभालना भी मुश्किल हो सकता है।
वर्जन
आतिशबाजी स्थल पर सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड की जिम्मेदारी होती है। ऐसे में उनको वहां उपस्थित होना चाहिए। यदि नहीं है तो इसके लिए सीएफओ को सूचित किया जा रहा है। -पवन कुमार, नायब तहसीलदार