घोटो-08एयूआरपी-03- कस्बे में सड़क किनारे तक लगी दुकानें। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बिधूना। 15 दिन सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान तो चला, लेकिन कुछ दिन बाद ही यह बेअसर हो गया। हालात यह हैं कि जिन दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देकर प्रशासन ने कार्रवाई की घुड़की दी थी, उन्हीं ने फिर से कब्जा जमा लिया है। सब कुछ जानते हुए भी नगर प्रशासन अनजान बना है।
कस्बे में 15 दिन पहले तहसील, नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखा अवैध अतिक्रमण हटवाए थे। दुकानदारों को हिदायत दी थी कि नाले के आगे किसी भी तरह का कब्जा नहीं करेंगे। बावजूद इसके दो सप्ताह बाद ही दुकानदारों ने सड़क तक कब्जा कर दुकानें सजानी शुरू कर दी।
नगर के फीडर रोड, दुर्गा मंदिर रोड पर लगने वाली दुकानें फिर से सड़क तक पहुंच गई हैं। कुछ लोगों ने टिनशेड भी रखने शुरू कर दिए हैं। जाम की समस्या फिर से होने लगी है। एसडीएम लवगीत कौर ने बताया कि नगर पंचायत ने नाले के अंदर का मानक रखा है। यदि कोई इसका पालन नहीं कर रहा तो चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।