अजीतमल। तहसील क्षेत्र के ग्राम सैदपुर के ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने निर्धारित दर से अधिक रुपये वसूलने व खाद्यान्न कम दिए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने जांच कराकर कोटा निरस्त कराने की मांग की है।
एसडीएम अखिलेश कुमार को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने कोटेदार पर आरोप लगाया है कि वह निर्धारित रेट से अधिक रुपये ले रहा है। साथ ही निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न देता है। आरोप है कि जब कार्डधारक उससे शिकायत करते हैं तो वह गाली-गलौज कर भगा देता है।
ग्रामीण शिवेंद्र सिंह, सुमित, विवेक कुमार, बलीराम, राधेश्याम, रामकुमार, राममनोहर, रानी, रेनू देवी, सरोजनी, कंचन, अमर सिंह, संतोष ने एसडीएम से जांच कराकर कोटा निरस्त कराने की मांग की है। एसडीएम अखिलेश कुमार ने बताया कि कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों ने शिकायत की है। जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
घटतौली पर ग्रामीणों का हंगामा
सहायल। सहार ब्लाक के पौथी गांव में सरकारी राशन दुकान पर घटतौली को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने हंगामा काटा। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार प्रति यूनिट पांच किलो राशन की जगह चार किलो दे रहा है।
दुकान पर राशन लेने पहुंचे कार्डधारक सतेंद्र, रामनरेश, मुन्नू लाल, शादिक आदि ग्रामीणों ने घटतौली देख राशन लेने से मना करा दिया। साथ ही तहसील अधिकारियों को जानकारी दी। तहसीलदार बिधूना जितेंद्र वर्मा ने बताया कि शिकायत मिली है, आपूर्ति निरीक्षक को भेज कर जांच कराई जाएगी।