फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की मौत पर थाने में शव रख परिजनों ने किया हंगामा

विज्ञापन
फोटो19एयूआरपी 29- कोतवाली में न्याय की गुहार लगाते परिजन - फोटो : AURAIYA
विज्ञापन
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मनगर में सोमवार को युवक का शव फंदे पर लटका मिला था। मृतक के परिजनों ने पत्नी और सास को आत्महत्या का दोषी ठहराते हुए शव रख थाने में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पत्नी और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
विज्ञापन

सोमवार सुबह ब्रह्मनगर निवासी ऋषभ पाठक (25) का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला था। पड़ोसियों की जानकारी पर मृतक के बहनोई ने पुलिस को सूचना दी थी। घटना के समय घर पर कोई नहीं था, मृतक की मां मथुरा गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, मृतक के मोबाइल से कुछ वीडियो मिले, जिसमें उसने पत्नी और सास पर प्रताड़ित करने की बात कही। इसे लेकर परिजनों ने कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस हीलाहवाली कर गई। इससे नाराज होकर परिजनों ने मंगलवार को शव को कोतवाली में रख कर जमकर हंगामा किया। हंगामे की जानकारी मिलने पर सीओ सदर सुरेंद्र नाथ यादव भी मौके पर पहुंचे।
मृतक के भाई अतुल पाठक ने बताया कि मृत भाई का ससुराल औरैया सदर में है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की गुहार लगाई थी। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिससे मजबूर होकर उन्हें कोतवाली में शव रख हंगामा करना पड़ा। पीड़ित परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी व उसकी सास ने उसके भाई को साजिश के तहत अपने जाल में फंसाकर दिसंबर 2020 को शादी करवाई थी। शादी के कुछ ही दिन के बाद मृतक की पत्नी तनु अपने जेवर, कपड़े लेकर अपनी मां के पास चली गई। उसके बाद से दोनों ने मिलकर भाई को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। घटना के एक दिन पहले रविवार को भाई को पत्नी तनु ने बुलाया था। जहां तनु ने करवाचौथ के लिए ऋषभ से लहंगा व जेवरात की डिमांड की थी। ऋषभ ने रुपये नहीं होने के कारण असमर्थता जताई थी।
विज्ञापन

आरोप है कि मां-बेटी दोनों ने मिलकर ऋषभ को अपने घर में बंद करके मारपीट की व उसके गले में पड़ी चेन व हाथों से अंगूठी छीन ली। इस बात की जानकारी परिजनों को तब हुई जब उन्होंने ऋषभ का मोबाइल चेक किया। जिसमें मरने से पहले ऋषभ ने कई वीडियो रिकार्डिंग करके पत्नी व सास पर प्रताड़ित करने व दहेज उत्पीड़न के मामले में फंसाने की धमकी देने की बात कही है। पुलिस ने पत्नी तनु उर्फ निधि व सास नीरू उर्फ बबिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। लगभग एक घंटे तक चले कोतवाली के घेराव में रिपोर्ट लिखने के बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ। सीओ सदर ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें