औरैया। वायरल बुखार का प्रकोप थमता नजर नहीं आ रहा है। रुरुगंज के चंदिया में 30 वर्षीय महिला की बुखार से मौत हो गई। वहीं, मंगलवार को खोयला, उमरैन और सोनसी में आठ नए डेंगू के मरीज मिले। जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। गांव-गांव फैली बीमारी और लोगों के बीमार होने की जानकारी पर पांच गांवों में स्वास्थ्य टीमें पहुंची और 295 बुखार पीड़ित मरीजों का इलाज किया।
गांवों में बुखार का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। लगातार गांवों में लोगों के बीमार होने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी जा रही है। इधर बारिश होने के बाद एक बार फिर से मच्छर जनित बीमारियों के बढने की आशंका जताई जा रही है। मंगलवार की सुबह प्रीती देवी (30) पत्नी रामजी राजपूत निवासी चंदिया रुरुगंज की बुखार से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि उसे पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था और निजी चिकित्सक से इलाज चल रहा था। मौत के बाद से गांव के लोगों में दहशत है, वहीं कई लोग बीमार भी बताए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि दिबियापुर के खोयला गांव में 60 वर्षीय महिला, आठ वर्षीय बालक, 35 वर्षीय युवक, 60 वर्षीय वृद्ध, 15 वर्षीय किशोर, 50 वर्षीय महिला के अलावा उमरैन में 20 वर्षीय युवती, सोनासी अनंतराम अजीतमल में 45 वर्षीय महिला को डेंगू पाया गया है। इन लोगों की जांच रिपोर्ट आने के बाद पुष्टि हुई है।
सीएचसी अधीक्षक ऐरवाकटरा, दिबियापुर और अजीतमल को निर्देशित किया गया है। वह जिन क्षेत्रों में डेंगू संक्रमित मरीज मिले हैं वहां टीमें भेजकर ज्वर पीड़ित समस्त रोगियों की मलेरिया, डेंगू एवं कोविड की जांच कराएं। साथ ही इन क्षेत्रों में डेंगू निरोधात्मक कार्यवाही भी की जाए। जिससे डेंगू के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। मंगलवार को रुदौली, कादलपुर, सोनासी और निगड़ा समेत पांच गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजा गया है। जहां टीमों ने 295 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही स्वास्थ्य टीमों ने ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया।
डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 53 जा पहुंची
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक जिले में अब तक हुई जांचों में 15 हजार 802 लोगों को बुखार से पीड़ित पाया गया है। जिसमें 451 मरीजों का अस्पताल में भर्ती किया गया। जिले में अब तक 20 गांव में डेंगू संक्रमण के मरीज मिल चुके हैं। मलेरिया के कुल रोगियों की संख्या अब 36 हो गई है। जनपद डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 53 जा पहुंची है।
गांव जमुहां पहुंची स्वास्थ्य टीम
दिबियापुर संवाद के अनुसार गांव जमुहां में बुखार से युवक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर विभिन्न जांचें कीं। साथ ही दवाओं का भी वितरण किया गया। गांव जमुहां निवासी गौरव दिवाकर (25) पुत्र रामबिहारी दिवाकर को पिछले सप्ताह बुखार आया था। दिबियापुर में उपचार के बाद रविवार को गंभीरावस्था में कानपुर हैलट में भर्ती कराया गया। सोमवार की सुबह हैलट में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया था। जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों का इलाज किया। इस मौके पर गांव में डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड की जांच के लिए 21 लोगों का सैंपल लिया गया। जबकि 70 मरीजों को दवाइयां वितरित कीं गई। फार्मासिस्ट गौरव कुमार, एलटी सौरभ पाल, जेडी चौधरी आदि मौजूद रहे।