फोटो 17एयूआरपी30- मौके पर मौजूद पुलिस व नदी में खोजबीन करते गोताखोर
- फोटो : AURAIYA
अयाना (औरैया)। ससुर द्वारा थाने में शिकायत किए जाने से आहत युवक ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाते देख मंदिर के महंत की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से देरशाम तक युवक की तलाश में जुटी रही। इधर, सूचना पर परिजन और ससुरालीजन मौके पर पहुंचे। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।
रविवार की दोपहर लगभग 12 बजे बीहड़ के अकबरपुर निवासी राघवेंद्र उर्फ पंकज (27) पुत्र श्रीप्रकाश ने सेंगनपुर भावसिंह बाबा मंदिर के सामने यमुना नदी में छलांग लगा दी। मंदिर के महंत ने राघवेंद्र को छलांग लगाते देख इसकी जानकारी अयाना थाना पुलिस को दी। सूचना पर एसएचओ श्रीकेश भारती, बबाइन चौकी प्रभारी विनोद कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी राघवेंद्र के परिजनों को दी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में राघवेंद्र की तलाश शुरू की। लेकिन देरशाम तक राघवेंद्र की तलाश नहीं हो सकी थी।
इधर राघवेंद्र के पिता श्रीप्रकाश ने बताया कि बुधवार को राघवेंद्र का उसकी पत्नी सीमा से विवाद हो गया था। जिस पर शनिवार को सीमा के पिता सुरेश और माता रिंकी निवासी सुरान ने राघवेंद्र के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। तब से राघवेंद्र परेशान था और घर से गायब था। सभी लोग उसकी खोजबीन में लगे थे। श्रीप्रकाश ने बताया कि ससुर द्वारा थाने में दी गई तहरीर से आहत होकर राघवेंद्र ने नदी में छलांग लगाई है।
पुलिस से पूछताछ के दौरान मंदिर के महंत ने बताया कि राघवेंद्र शराब के नशे में उसके पास आया था। कुछ देर बैठने के बाद नदी में नहाने की बात कहकर गया और देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी। अयाना थाना पुलिस ने बताया कि नदी में छलांग लगाने वाले युवक की तलाश गोताखोरों की मदद से की जा रही है।