औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के कखावतू स्थित कांशीराम कॉलोनी में फरवरी 2020 को कॉलोनी निवासी महिला को पड़ोसी दंपती ने घर में घुसकर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। जिससे महिला की मौत हो गई थी। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी दंपती को पुलिस ने पकड़ा और जेल भेजा।
सदर कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में पीड़िता नूर बानो ने बताया था कि वह कखावतू स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहती है। 11 फरवरी 2020 की शाम पड़ोस की कुसुमा पत्नी छोटे उसके घर में घुस आए। जहां कुसुमा ने घर के बाहर झाडू़ न लगाने का उलाहना दिया। कुसमा के पति छोटे ने बेटी रुबीना पत्नी शमशाद को पकड़ लिया। छोटे ने रुबीना के ऊपर मिट्टी का तेल डाल दिया था तथा उसकी पत्नी कुसुमा ने माचिस की तीली से आग लगा दी थी। जिससे बेटी रुबीना गंभीर रूप से झुलस गई थी। जहां सैफई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था।
घटना के बाद से दोनों हत्यारोपी फरार चल रहे थे। रविवार को प्रभारी कोतवाली इंस्पेक्टर निर्भय सिंह ने पुलिस टीम के साथ दोनों आरोपियों को बमुरीपुर गांव के पास वाहन का इंतजार करते समय गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी कोतवाली इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।