फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घरों और खेतों में पहुंचा पानी, गिरने लगे घर

विज्ञापन
अयाना में गिरा त्रिभुवन सिंह का मकान। संवाद - फोटो : AURAIYA
विज्ञापन
औरैया। चार दिन हुई बारिश के बाद जनजीवन अस्तव्यस्त है। शहरों और गांवों में जलभराव से लोग जूझ रहे हैं। शुक्रवार रात करीब 10 घर जमींदोज हो गए। नाले, नालियों से उफनाया गंदा पानी घरों में घुस गया है। लोग खुले में रहने को मजबूर हैं। उन्हें संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी सता रहा है। पीड़ितों ने प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।
विज्ञापन

बारिश के कारण सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों में पड़ा है। इन इलाकों में कच्चे मकान बारिश थमते ही गिरने शुरू हो गए है। बिधूना तहसील क्षेत्र के पुर्वा दीक्षित निवासी प्यारेलाल का मकान बारिश में ढह गया। उन्होंने बताया कि गृहस्थी के साथ अनाज नष्ट हो गया। तिलकपुर समेड़ी में गंगाराम, रघुपाल के घर का बाहरी हिस्सा और दीवारें गिर गईं। विमटरमऊ में महेंद्र सिंह का मकान गिरने से गृहस्थी बर्बाद हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल प्रतिमा लक्ष्मी जादौन ने मकान गिरने की रिपोर्ट तहसीलदार को सौंपी है। एसडीएम राशिद अली खान ने बताया कि बारिश से गिरने वाले मकान चिह्नित कर मुआवजा दिलाया जाएगा।
वहीं अयाना में राजेश कोरी, संजू, प्रताप के घर की छत व कुछ हिस्सा ढह गया। इसमें गृहस्थी बर्बाद हो गई। वहीं मुन्ना, त्रिभुवन सिंह और मानसिंह के घर की दीवार ढह गई।
विज्ञापन

कई गांवों में जल निकासी का प्रबंध न होने से जलभराव की समस्या है। औरैया कस्बे के कई मोहल्लों में नाले, नालियां ओवरफ्लो होने के कारण घरों तक पानी घुस गया है। प्रशासन से लोगों दैवी आपदा के तहत मदद दिलाने की मांग की है। बनारसीदास मोहल्ले में तालाब का पानी ओवरफ्लो होने से सड़कों और घरों में भर गया। लोगों ने पंपिंग सेट लगाकर पानी बाहर निकाला।
तीन गांवों में घुसा सियारी नाले का पानी
सहायल/ रुरुगंज। बारिश से सियारी नाला उफना गया। नाले का पानी धुपकरी असू नेहचंदपुरवा से उपरेंगा मार्ग पर भरने से आवागमन बंद हो गया। उपरेंगा, धुपकरी, नेहचंदपुरवा गांव जलमग्न हो गए। रामलखन, शंकरदयाल, मनोज सिंह, विश्वनाथ, रंगीलाल, रामगोपाल, रमेशचंद्र, रामशंकर आदि का कहना है कि प्रशासन ने बारिश से पहले सुध नहीं ली।
उधर अछल्दा ब्लॉक के ग्राम पंचायत रुरुकला में नालियां जाम होने से जलभराव की समस्या है। आवागमन बाधित होने के साथ ही लोगों को अब संक्रामक बीमारियों का डर सताने लगा है। गांव के राजन सिसौदिया, राजेश कुमार, रामकिशोर, राधेश्याम, अनिल कुमार, हुकुम सिंह आदि ने ग्राम प्रधान पर सफाई न कराने का आरोप लगाया है। एडीओ पंचायत शिवपाल सिंह ने बताया कि इसकी जानकारी की जाएगी। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें