अमरोहा। चंदा लेने आए व्यक्ति ने मौका मिलते ही दुकान का गल्ला तोड़ कर 80 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित कारेेबारी ने तहरीर दे दी है।
चोरी की यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में बिजनौर रोड की है। यहां पर मोहल्ला जामा मस्जिद निवासी मोहम्मद फहीम बिजनौर रोड पर अब्दुल करीम खां इंटर कालेज के सामने मार्बल की दुकान करते हैं। आरोप है कि मंगलवार की दोपहर वह दुकान पर बैठे थे। तभी एक व्यक्ति चंदा लेने उनकी दुकान पर आ गया। इसी बीच फहीम गोदाम के पीछे में किसी ग्राहक के साथ चले गए। इस बीच व्यक्ति ने पेचकस से गल्ले का ताला तोड़ कर उसमें रखे 80 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया। चोरी की यह घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित फहीम ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।