गजरौला (अमरोहा)। गांव शाहपुर उर्फ साहबपुर में रविवार की रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोर 25 हजार की नकदी समेत लगभग दो लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने चौकी पर तहरीर दी है।
गांव में मदरसे के सामने वाली सड़क पर सोराज सिंह यादव के दो मकान हैं। रविवार की रात सोराज सिंह अपने एक मकान पर सो थे। जबकि, पत्नी कांति देवी दूसरे मकान की पशुशाला और बेटी पिंकी और प्रेरणा यादव इसी मकान के कमरे में सो रहीं थीं। वहीं, ग्रामीण की पुत्रवधू राधा यादव मकान के बरामदे में सोे रही थी। परिजनों के मुताबिक रात में किसी समय दीवार फांदकर मकान में घुस गए। चोर घर में रखे संदूक से 25 हजार की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत कीमती सामान चुरा ले गए। सोमवार की तड़के कांति देवी पानी पीने के लिए उठी तो उसने कमरे में सामान बिखरा शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। वहीं, ग्रामीण की पुत्री पिंकी ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कुमराला चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।