गजरौला (अमरोहा)। घने कोहरे में हाईवे पर दो कारों की टक्कर हो गई। हादसे में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो घायल शाहजहांपुर और तीन दिल्ली निवासी हैं। सभी ने निजी अस्पताल में मरहम पट्टी कराई और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
सोमवार की सुबह लगभग पांच बजे घने कोहरे में हाईवे पर बगद नदी के वन-वे पुल पर यह हादसा हुआ। दिल्ली के लाजपत नगर निवासी ब्रह्म सिंह राठौर अपने मित्र ऋषिपाल नागर के साथ नैनीताल में किसी होटल की सौदेबाजी करने के लिए निजी कार से जा रहे थे। कार उनका चालक रमेश देव निवासी सरोजनी नगर दिल्ली चला रहा था। बगद नदी के पुल पर पहुंचते ही घने कोहरे के कारण उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में इन तीनों के साथ ही दूसरी कार में सवार निरंजन शर्मा और उनकी पत्नी गीता शर्मा निवासी शाहजहांपुर घायल हो गईं। हादसे के बाद दोनों वाहनों के आगे की साइड के शीशे चकनाचूर हो गए। वहीं वन-वे पुल पर गाड़ियों की भिड़ंत के बाद जाम लग गया। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में भिजवाया और दोनों वाहनों को साइड में खड़ा करा दिया। बाद में सभी लोग मरहम पट्टी करवाने के बाद अपने गंतव्य की ओर चले गए। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि हाईवे पर घने कोहरे में हादसे हो रहे हैं। वहीं समझौता हो जाने के कारण लोग थाने तक नहीं पहुंचते।