गजरौला। पल्लेदार युवक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार बरामद की। गिरफ्तार किए गए आरोपी पर रुपयों को लेनदेन को लेकर कार चढ़ाकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। चार महीने की विवेचना में उसका नाम आया।
नगर के फाजलपुर मोहल्ला निवासी मदन पुत्र जगदीश की 19 मई को मौत हुई। वह पल्लेदारी का काम करता था। पुलिस ने हादसे में मौत होने का मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया था। उधर मृतक के परिजनों ने उसकी हत्या करने का आरोप लगाया। हत्या का केस दर्ज कराने को परिजन कई बार पुलिस से मिले। अधिकारियों से भी गुहार लगाई। जिस पर पुलिस ने हादसे में मौत के मामले की विवेचना शुरू की।
चार महीने की लंबी विवेचना के बाद थाना पुलिस को यह सबूत मिले कि मदन की हादसे में मौत नहीं हुई थी, बल्कि उसकी कार चढ़ाकर हत्या की गई थी। वारदात को अंजाम फाजलपुर मोहल्ला निवासी सोनू पुत्र बाबूराम ने दिया। सोनू व पल्लेदार युवक मदन के बीच रुपयों का विवाद चल रहा था। पुलिस ने 11 सितंबर को सोनू के खिलाफ हत्या केस दर्ज किया। शुक्रवार को कस्बा चौकी इंचार्ज कमल सिंह को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी धनौरा मार्ग पर एक होटल के सामने कार लेकर खड़ा है। उन्होंने दबिश देकर आरोपी को कार संग गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी शरद मलिक ने बताया कि हत्यारोपी का चालान किया जा रहा है।