अमरोहा। हाईवे चौड़ीकरण राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। संभल चौराहे पर गड्ढे और पुल निर्माण के चलते हाईवे पर भीषण जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम की गिरफ्त में रहा। जाम में फंसे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया। इसके बाद भी शाम तक वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे।
अमरोहा से मुरादाबाद के बीच पिछले करीब दो वर्षों से नेशनल हाईवे चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। हाईवे को फोर से सिक्स लेन बनाया जा रहा है। इसके चलते हाईवे पर जगह-जगह निर्माण कार्य चल रहा है। जोया में संभल चौराहे पर ओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा है। जबकि वहां सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। सोमवार और मंगलवार को बारिश हुई। जिसके चलते हाईवे पर गड्ढों में पानी भर गया। करीब नौ बजे दिल्ली और मुुरादाबाद की दिशा से आने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जबकि अमरोहा और संभल की दिशाओं से अन्य वाहन घुस आए। जिस कारण जोया चौराहे से लेकर डिडौली के पास तक लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम की जद में रहा। राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाते हुए यातायात सुचारु कराया। इसके बाद भी शाम तक वाहन रेंग-रेंग कर गुजरे।