गजरौला। परिषदीय विद्यालय एक अक्तूबर से सुबह नौ बजे से खुलेंगे। जिससे स्कूल आने वाले बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचने में दिक्कत न हो। सुबह नौ बजे से शाम को साढ़े तीन बजे तक स्कूल खोले जाने का समय किया गया है। बच्चों की छुट्टी तीन बजे की जाएगी, जबकि शिक्षकों को सुबह पौने नौ बजे से शाम को साढ़े तीन बजे तक स्कूल में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सितंबर समाप्त हो जाने के साथ ही दिन और रात में काफी बदलाव हो गया है। जहां दिन छोटे होने लगे हैं, वहीं रात बढ़ गई है। जिसकी वजह से सुबह को बच्चों को स्कूल पहुंचने में खासी दिक्कत होती है। स्टाफ के सामने भी जल्द पहुंचने की चुनौती रहती है। बच्चों और स्टाफ को स्कूल पहुंचने में दिक्कत न हो इसके लिए परिषदीय विद्यालय के सुबह खोलने व बंद करने के समय में परिवर्तन किया गया है। एक अक्तूबर शुक्रवार से परिषदीय विद्यालय सुबह को नौ बजे खोले जाएंगे और शाम को तीन बजे छुट्टी होगी। शिक्षकों को सुबह पौने नौ बजे से शाम को साढ़े तीन बजे तक स्कूल में रहने को कहा गया है। अभी तक सुबह को आठ बजे स्कूल खुलने के बाद दोपहर दो बजे छुट्टी होती थी। खंड शिक्षा अधिकारी गजरौला राकेश कुमार गौड़ ने बताया कि एक अक्तूबर से परिषदीय विद्यालय सुबह को नौ बजे खोले जाएंगे।