ढबारसी(अमरोहा)। सरकारी रुपये में गड़बड़ी का एक और मामला सामने आया है। आरोप है कि गंगेश्वरी ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल बहादरपुर में मिशन कायाकल्प के तहत विद्यालय में सौंदर्यीकरण के नाम पर करीब पांच लाख खर्च कराना दिखाया गया है, जबकि हकीकत में विद्यालय में सौंदर्यीकरण के नाम पर कोई भी कार्य नहीं कराया गया है। यह कार्य प्रधान का कार्यकाल समाप्त होने के बाद का दर्शाया गया है।
गंगेश्वरी ब्लाक की आदमपुर ग्राम पंचायत के बहादुरपुर मझरा में स्थित जूनियर हाईस्कूल में मिशन कायाकल्प के अंतर्गत पांचवें राज्य वित्त आयोग व पंद्रहवें वित्त आयोग से लगभग 5 लाख रुपये की धनराशि से शौचालय का निर्माण कार्य होना था। इसके तहत जूनियर हाईस्कूल में वर्ष 2016 में बने शौचालय की एक दीवार पर मार्बल टाइल्स लगवाकर व शौचालय की रंगाई पुताई करा दी और शौचालय के निर्माण कराने के नाम पर 31 मार्च को 1 लाख 16 हजार 376 रुपये तथा इतनी ही धनराशि 9 मई को एक निजी फर्म के खाते में डाल दी गई। इसके अलावा जूनियर हाईस्कूल में 15 से 20 बच्चों के एक साथ पानी पीने के लिए व हाथ मुंह धोने के लिए स्कूल परिसर में सबमर्सिबल के साथ मल्टी हैंडवाश सिस्टम लगना था।
इस बीच ग्राम पंचायतों के चुनाव होने थे, लिहाजा ग्राम विकास अधिकारी को ही पंचायत के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। ब्लाक स्तर के अधिकारियों को इस दौरान होने वाले विकास कार्यों की मानीटिरिंग करनी थी। बहादुरपुर मझरा के जूनियर हाईस्कूल में अब तक मल्टी हैंडवाश निर्माण कार्य को तो छोड़िए, बच्चों के पानी पीने के लिए हैंड पंप तक नहीं है। कागजों में मल्टी हैंडवाश निर्माण कार्य दर्शाते हुए 31 मार्च को 66 हजार 4 सौ 80 रुपये व 9 मई को 2 लाख 2 हजार 310 रुपये भी निजी के खाते में डलवा दी गई है।
डीपीआरओ से की गई है जांच की मांग
ढबारसी। आदमपुर के बहादुरपुर मझरा के जूनियर हाईस्कूल के इंचार्ज अध्यापक राम प्रसाद ने बताया कि 8 फरवरी को सरकार द्वारा विद्यालय की हालत सुधारने के लिए आपरेशन कायाकल्प योजना चलाई गईं थी। उसके तहत नौ कार्य को पूर्ण कराए जाने का मांग पत्र अधिकारियों को भेजा था। जिसमें स्कूल में स्थापित शौचालय की मरम्मत व मल्टी हैंडवाश सिस्टम निर्माण कराना भी शामिल था। 16 अप्रैल यानी कि पंचायत चुनाव से तीन दिन पूर्व को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा शौचालय की एक दीवार पर मार्बल टाइल्स लगवाकर, रंगाई पुताई करवाई गई। लेकिन जब हमारे स्टाफ को पता चला कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा कार्य को पूर्ण दर्शाकर रकम का गबन कर लिया गया है। तो मेरे व साथी स्टाफ के सतीश कुमार, मनोज शर्मा, विजय कुमार आदि ने इस संबंध में 17 अगस्त को जिला पंचायत राज अधिकारी अमरोहा को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराकर कार्य को पूर्ण कराने की मांग की है। लेकिन आजतक तो कोई कर्मचारी या अधिकारी स्कूल परिसर में जांच करने नहीं आया है। संवाद
ग्राम प्रधान आदमपुर रमेश सैनी ने बताया कि बहादुरपुर मझरा जूनियर हाईस्कूल में शौचालय व मल्टी हैंडवाश सिस्टम निर्माण में फर्जीवाड़ा किए जाने का मामला जानकारी में है। यह फर्जीवाड़ा मेरे कार्यकाल से पूर्व में ग्राम पंचायत में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ने किया है। इसके विरुद्ध कार्रवाई के लिए अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
बयान: मुझे गंगेश्वरी ब्लाक में चार्ज लिए हुए एक सप्ताह हुआ है।बिना कार्य कराए धनराशि निकालने का मामला गंभीर है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत ब्रजेश शर्मा, एडीओ