गजरौला। ब्रजघाट से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे रामपुर निवासी राजपाल (22) की दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में मौत हो गई, जबकि उसके दो चचेरे भाई घायल हो गए। हादसा गजरौला के पास हुआ।
रामपुर के टांडा थानाक्षेत्र के गांव तार का मझरा निवासी राजपाल अपने दो चचेरे भाइयों व कुछ साथियों के साथ 26 जुलाई को ब्रजघाट से डाक कांवड़ लेने गया था। रविवार शाम सभी बाइक से कांवड़ लेकर लौट रहे थे। उनका जत्था गजरौला के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में राजपाल व उसके दोनों चचेरे भाई घायल हो गए। घायलों को टीएमयू मुरादाबाद पहुंचाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद राजपाल को मृत घोषित कर दिया। दोपहर बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।